कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा के स्वागत के लिए आयोजित रैली में हुआ हथियारों का जमकर प्रदर्शन
विपिन भारद्वाज

Bhind news: भिंड में पहुंची कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा विवादों से घिर गई है क्योंकि जन आक्रोश यात्रा के स्वागत के लिए निकाली गई रैली में जमकर हथियारों का प्रदर्शन किया गया।
यह रैली मेहगांव इलाके में निकाली गई। दरअसल कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। यह जन आक्रोश यात्रा शुक्रवार को भिंड के मेहगांव इलाके में भी पहुंची लेकिन खास बात यह रही कि मेहगांव इलाके में इस जन आक्रोश यात्रा का स्वागत करने के लिए जिस रैली का आयोजन किया गया था उस रैली में जमकर हथियारों का प्रदर्शन किया गया।
रैली में आगे आगे एक दर्जन से भी अधिक लोग हथियार लेकर चल रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो किसी जंग की तैयारी है। इस रैली के आयोजक प्रमोद चौधरी थे। प्रमोद चौधरी मेहगांव विधानसभा सीट से कांग्रेस का टिकट हासिल करने के लिए मशक्कत करने में जुटे हुए हैं।
प्रमोद चौधरी से जब मीडिया ने पूछा कि आखिर रैली में हथियारबंद लोग क्यों शामिल थे। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बीजेपी से हर तरीके से निपटने की तैयारी कर ली है इसलिए यह अपने घरों से हथियार लेकर आए थे। जन आक्रोश रैली लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह मेहगांव विधानसभा पहुंचे थे। यहां जन आक्रोश सभा का आयोजन भी किया गया।