बीजेपी के गुलाम हो चुके अधिकारियों को 6 महीने बाद कांग्रेस सरकार सिखाएगी सबक- नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह
गणेश शाक्य

Morena news: बीजेपी के गुलाम हो चुके अधिकारियों को 6 महीने बाद कांग्रेस की सरकार चुन-चुन कर सबक सिखाएगी। यह बयान नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने शुक्रवार को मुरैना प्रवास के दौरान मीडिया के सामने दिया है। दरअसल नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह अपने 1 दिन के प्रवास पर मुरैना पहुंचे। यहां वे मीडिया से भी रूबरू हुए और मीडिया के सवालों के जवाब दिए।
नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधा और उन्हें चेतावनी भरे लहजे में संदेश दे डाला। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने मीडिया के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में संदेश दिया कि जो अधिकारी भारतीय जनता पार्टी के गुलाम हो गए हैं, जिन अधिकारियों ने अपना ईमान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के चरणों में गिरवी रख दिया है, प्रजातंत्र का गला घोंट रहे हैं, ऐसे अधिकारी 6 महीने इंतजार करें। उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि जिन अधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बनकर, भारतीय जनता पार्टी के गुलाम बनकर, नियम और कानून के विपरीत आम जनता पर जुल्म ढा रहे हैं मनमानी तरीके से निर्णय ले रहे हैं और भ्रष्टाचार कर रहे हैं, 6 महीने के बाद उन्हें कांग्रेस की सरकार में ऐसे अधिकारियों को चुन चुन कर सबक सिखाया जाएगा और उन्हें सिखाया जाएगा की नौकरी कैसे की जाती है।