अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर आयोजित बाइक रैली में घुस गई लोडिंग गाड़ी, दो की मौत।
विपिन भारद्वाज

Bhind news: भिंड में अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के मौके पर आयोजित बाइक रैली में एक अनियंत्रित लोडिंग गाड़ी घुस गई। लोडिंग गाड़ी की टक्कर से एक बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीसरा बाइक सवार घायल हो गया। घटना अकोड़ा मोड़ की है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दरअसल बुधवार को अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के मौके पर एक बाइक रैली का आयोजन किया गया था। यह बाइक रैली नयागांव से शुरू हुई थी। बाइक रैली में 1 सैकड़ा से ज्यादा बाइक के साथ युवक रैली निकाल रहे थे। जब यह बाइक रैली अकोड़ा मोड़ पर पहुंची तभी बाइक रैली में एक अनियंत्रित लोडिंग गाड़ी घुस गई। इस लोडिंग गाड़ी ने रैली में शामिल एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक लहूलुहान हो गए। रैली में घटना होते ही हंगामा मच गया। लोडिंग गाड़ी का वाहन चालक मौके से भाग निकला। रैली में शामिल लोग तीनों घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के नाम प्रमोद और अजय बताए गए हैं जबकि तीसरे घायल युवक का उपचार किया जा रहा है। जानकारी मिलने पर भिंड विधायक संजीव सिंह कुशवाहा भी जिला अस्पताल पहुंच गए।